नहटौर में बेखोफ चोरों ने यूनियन बैंक के बराबर की दुकान के जीने का ताला तोड़कर बैंक की दीवार में नकब लगा दिया। नकब जमीन से कुछ ऊंचाई पर लगने के कारण चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
बीती रात अज्ञात चोरों ने यूनियन बैंक की शाखा के बराबर में प्रदीप त्यागी की दुकान के जीने का ताला तोड़ लिया। जीने में रखा बिजली का सामान छत पर बने कमरे में डालकर चोरों ने बैंक के बाथरूम में नकब लगा दिया। नकब अधिक ऊंचाई पर लगने के कारण चोर बैंक में नहीं कूद सके। बैंक में नकब लगने का पता चलते ही मैनेजर सत्यव्रत ने सूचना पुलिस की दी। शहर इंचार्ज अशोक कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। बैंक मैनेजर ने बताया कि रात्रि में ही बैंक के बाहर की सीएफएल भी चोरी हो गई है। पुलिस बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है।
यहां यूनियन व स्टेट बैंक की शाखा बराबर-बराबर में हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व स्टेट बैंक की शाखा में भी कुंबल लगाकर चोरी का प्रयास किया गया था।