नजीबाबाद में रेत से भरा ट्रक पकड़ने के बाद पूछताछ करते नायब तहसीलदार।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नजीबाबाद में खनन माफिया अब रेत की चोरी पर्दे में करने लगे हैं। प्रशासनिक टीम ने तिरपाल से ढके रेत से भरे एक ट्रक को कब्जे में लेकर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी।
कोतवाली दिशा से कोटद्वार की ओर बढ़ रहे एक ट्रक एचआर 55जे 3958 को शनिवार दोपहर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने रोका। गुरुनानक कालोनी के निकट रोककर ट्रक को चेक किया गया, तो उसमें रेत भरा था। रेत-बजरी के खनन पर प्रतिबंध होने के चलते चोरी-छिपे रेत को मौके तक पहुंचाने के लिए ट्रक को तिरपाल से अच्छी तरह ढका गया था। नायब तहसीलदार द्वारा पूछताछ में ट्रक चालक ने ट्रक में रेत भरा होना स्वीकार किया। इससे पहले कि ट्रक चालक को हिरासत में लिया जाता, चालक मौका पाकर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। नायब तहसीलदार के निर्देश पर ट्रक को कब्जे में लेकर मंडी समिति परिसर में खड़ा करा दिया गया
नायब तहसीलदार ने बताया कि खनन से भरा ट्रक कब्जे में लेने की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई है। गौरतलब है कि अवैध खनन पर रोक के बावजूद नजीबाबाद तहसील क्षेत्र की विभिन्न बरसाती नदियों में चोरी-छिपे अवैध खनन जारी है। बुग्गियों से रेत-बजरी का खुलेआम ढुलान किया जा रहा है, जबकि मौका पाकर्र ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों से भी नदी से खनिज संपदा का ढुलान किया जा रहा है।