भागूवाला में बुखार से पीड़ित एक महिला का उपचार करने उसके घर गए चिकित्सक को महिला के परिजनों ने पीट डाला। घटना के विरोध में भागूवाला में क्लीनिक और मेडिकल स्टोर बंद रहे। पीड़ित चिकित्सक की ओर से घटना की तहरीर नांगल पुलिस को सौंपी गई।
भागूवाला में प्रेक्टिस करने वाले एक प्राइवेट चिकित्सक को बृहस्पतिवार रात नांगल थाना क्षेत्र के गांव दहीरपुर में बुखार से पीड़ित एक महिला के उपचार के लिए बुलाया गया था। चिकित्सक जब उपचार के लिए पहुंचा, तो परिवार के अन्य सदस्यों ने यह कहते हुए चिकित्सक को घेर लिया कि इससे पहले परिवार में बीमार हुई एक महिला के उपचार में चिकित्सक ने काफी पैसा खर्च कराया था, मगर उसे लाभ कुछ नहीं हुआ था। बीमार महिला के परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में खर्च हुई धनराशि वापस करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध जताने पर घर पर मौजूद लोगों ने चिकित्सक की पिटाई कर दी। इससे काफी देर तक चिकित्सक और उसका परिवार सहमी हालत में रहा।
बाद में प्राइवेट चिकित्सक ने घटना की तहरीर नांगल पुलिस को सौंपकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, इस घटना की सूचना पर भागूवाला क्षेत्र के चिकित्सकों ने शुक्रवार को अपने क्लीनिक, मेडिकल स्टोर बंद रखे।
इब्ने सऊदी, डॉ.रतन भारती, नवेद अंजुम, साबिर अहमद, तनवीर अहमद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नांगल पुलिस से मिलकर प्रकरण में कार्रवाई की मांग की। घटना से चिकित्सकों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि ऐसे हालात में डॉक्टर कैसे काम कर पाएंगे।