धामपुर में अर्चना राय की आत्महत्या के मामले में परिजनों ने अब तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं सौंपी है, लेकिन उसके फेसबुक पेज पर डाले गए सुसाइड नोट और अपलोड किए गए फोटो को आधार बनाकर पुलिस ने डॉक्टर राज सैनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाल संजय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने डॉक्टर राज सैनी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मानते हुए यह रिपोर्ट कायम की है। इस प्रकरण में पुलिस उस मोबाइल को भी हासिल करने के प्रयास में लगी है, जिससे व्हाट्स ऐप और फेसबुक का लॉग-इन किया गया था। साथ ही पुलिस यह जानने की कोशिश में है कि फेसबुक पर अपलोड किए गए जिन फोटो से अनीता विचलित हो गई थी, वह किस आईपी एड्रेस से अपलोड किए गए थे। यानी इन फोटो को अपलोड करने वाला कौन था।
गौरतलब है कि पिछले रविवार को भगत सिंह चौक निवासी शिक्षिका अर्चना राय ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या का कारण पुलिस प्रेमी डॉक्टर द्वारा उनके प्रेम प्रसंग के फोटो को फेसबुक पर वायरल को बताया गया था।
इसके बाद से ही पुलिस इस मामले में जांच कर रही थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी डॉक्टर का मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टर के वापस आते ही पुलिस जांच में और तेजी लाएगी। पुलिस का अनुमान है कि इस मामले में जांच में और भी कई चेहरे सामने आएंगे।