गन्ने के खेत में मिले युवक के शव को ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में एक युवक की अगोले से गला घोंटकर हत्या की गई। उसकी गुदा में गन्ना ठूंस कर शव गांव घनुवाला के रास्ते के पास गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस कातिलों व मर्डर के कारणों का पता लगाने में लग गई है। चाचा ने रिपोर्ट दर्ज कर कराई है।
सोमवार सुबह मंडावर मार्ग पर गांव घनुवाला के रास्ते के सामने कच्चे मार्ग पर चकरोड के पास गांव जमालपुर पठानी निवासी दीपक के गन्ने के खेत में राहगीरों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इलाके के लोगों को भीड़ शव देखने के लिए इकट्ठा हो गई। शव की पहचान शहर कोतवाली के गांव शादीपुर डल्ला निवासी सुखराम सिंह के 25 साल के पुत्र नैन सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवक के गले पर गला घोंटने के निशान थे। गले में गन्ने का अगोला बंधा था। आशंका है कि इससे ही उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस के मुताबिक रविवार को नैन सिंह का पिता सुखराम अपने ससुर की तेरहवीं में अपनी ससुराल गया था। सुखराम का छोटा पुत्र हरिद्वार में काम करता है। नैन सिंह गांव में रहकर मजदूरी करता है। रविवार की रात गांव के कुछ लोगों ने शराब के नशे में उसे गांव में घूमते देखा था तथा नैन सिंह को घर चले जाने को कहा था। इसके बाद नैन सिंह किसने साथ कहां गया कुछ पता नहीं चला। नैन सिंह का शव गन्ने के खेत में पड़े होने की सूचना पर परिजनों के होश उड़ गए। नैन सिंह की किसी से दुश्मनी नहीं थी। गला घोंटने के बाद उसकी गुदा में गन्ना ठूंसने से गांव वाले सकते में हैं।
मर्डर के दौरान कातिलों ने नैन सिंह के साथ इतनी क्रूरता क्यों दिखाई और इसके पीछे क्या कारण रहा किसी को भी नहीं मालूम। चाचा मुन्ने सिंह ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस भी मर्डर की जांच पड़ताल में जुट गई है। शहर कोतवाल सत्यवीर सिंह के मुताबिक नैन सिंह कातिलों के बारे में कुछ पता नहीं चला है। पुलिस मर्डर का पता लगाने के लिए जांच पड़ताल में जुटी है।