नजीबाबाद में वन विभाग ने छापा मारकर अमान नगर क्षेत्र से खैर की लकड़ी बरामद की है। लकड़ी माफिया ने चारदीवारी के पीछे छिपाकर रखा था।
सूचना पर डीएफओ पीके राघव के निर्देशन में साहनपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रामगोपाल चौहान, वन दरोगा तथा टीम ने हर्सवाड़ा, अमाननगर क्षेत्र में छापा मारा। छापे के दौरान चारदीवारी के पीछे घास में रखी गई खैर की कीमती लकड़ी टीम ने बरामद की। पिछले दो माह के भीतर नजीबाबाद में बड़े पैमाने पर खैर की कीमती वन संपदा बरामद होना इस बात का प्रमाण है कि लकड़ी माफिया या तो वन कर्मियों से हमसाज होकर या उनकी आंखों में धूल झोंककर जंगलों का दोहन कर रहे हैं। डीएफओ पीके राघव ने बताया कि जिस प्लॉट से लकड़ी बरामद की गई है, उसके मालिक की भूमिका संदिग्ध है।
वन विभाग ने लगभग 70 क्विंटल खैर की लकड़ी अपने कब्जे में ले ली है। लकड़ी माफिया तक पहुंचने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।