बिजनौर में क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने सात माह पहले नहटौर के पूर्व डिप्टी सीएमओ के घर में पड़ी डकैती का खुलासा कर दिया है। इस घटना को सद्दाम गैंग ने अंजाम दिया था।
पुलिस ने महिला समेत गैंग के तीन सदस्यों को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटी गई कार , 60 हजार रुपये. बाइक और दो तमंचे बरामद करने का दावा किया है। बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी।।
पुलिस घटना में शामिल फरार चार बदमाशों की तलाश में जुटी है। एसपी सुभाष सिंह बघेल के मुताबिक एक अक्तूबर 2015 को नहटौर के मोहल्ला जाशियान में पूर्व डिप्टी सीएमओ राधेश कुमार भटनागर और उनकी पत्नी दीपिका प्रकाश के घर में बदमाश मरीज बनकर घुस आए थे।
इस घटना के दौरान दीपिका प्रकाश क्लीनिक में नीचे थीं और उनके पति दुमंजिले पर अपने मकान में थे। बदमाशों ने घर से तीन लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर और एक कार लूट ली थी। पुलिस इस घटना के खुलासा में लगी थी।
बदमाशों का कोई क्लू पुलिस को नहीं मिल रहा था। सोमवार को क्राइम ब्रांच की टीम के साथ नहटौर पुलिस ने नहटौर में चांदपुर मार्ग से मुठभेड़ के दौरान हीमपुर थाने के गांव मसीत निवासी इरफान के पुत्र शादाब व चांदपुर के मोहल्ला पतियापाड़ा निवासी अकील के पुत्र शहजाद और हीमपुर थाने के गांव टूंगरी निवासी पूजा उर्फ मधु चौधरी उर्फ अंजलि को दबोच लिया।
बदमाशों के पास से डिप्टी सीएमओ राधेश कुमार की लूटी गई कार, 60 हजार रुपये नकद और बाइक व दो तमंचे कारतूस समेत गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए दोनों बदमाशों ने पुलिस को बताया कि राधेश कुमार भटनागर के घर में डाका नहटौर के मोहल्ला छापेग्रान निवासी शातिर बदमाश सद्दाम ने डलवाया था।
साजिश के मुताबिक पीले कलर की बाइक पर हीमपुर थाने के गांव टूंगरी निवासी मुकेश की पत्नी पूजा उर्फ मधु चौधरी उर्फ अंजलि को शादाब क्लीनिक पर घटना के रोज शाम करीब पांच बजे अपनी पत्नी बनाकर ले गया।
पूजा के बहाने क्लीनिक की रेकी कर ली। रात में करीब 11 बजे दोनों फिर क्लीनिक पर पहुंचे। बीमारी का बहाना करके क्लीनिक का दरवाजा खुलवाया। सद्दाम, आरिफ उर्फ बकरी, मोहसिन, शहजाद, बहीददुदीन तमंचों के बल पर अंदर घुस गए।
बदमाशों ने कपांउडर व परिजनों को कब्जे में लेकर तीन लाख रुपये जेवरात व कार लूट ली। सद्दाम वहीदुददीन, मोहसिन, शादाब व शहजाद तो कार से व आरिफ आरिफ बाइक से चांदपुर पहुंचा। पूजा को नहटौर में ही छोड़ दिया था।
एसपी ने बताया कि बदमाशों के पास से बरामद बाइक एक मार्च 2012 को दिल्ली के बिंदापुर थाना क्षेत्र से लूटी गई थी। पुलिस सद्दाम समेत फरार चार बदमाशों की तलाश में लगी है।