बिजनौर के नगीना में बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की सुबह मंगूलाल सरस्वती विद्यामंदिर स्कूल के कक्षा आठ के छात्र का अपहरण कर सनसनी फैला दी। साहस का परिचय देते हुए पब्लिक ने पीछा करके बदमाशों के चंगुल से उसे छुड़ा लिया।
इस मामले में पीड़ित पक्ष ने छात्र के चाचा समेत दो के खिलाफ तहरीर दी है। मोहल्ला कलालान निवासी महिला महजबी के मुताबिक उसका अपने पति अतीकुर्रहमान से न्यायालय से बच्चों के खर्च का पैसा देना तय हुआ था।
आरोप है कि पति बच्चों की हत्या कराना चाहता है। वह चाहता है कि उसे खर्च का पैसा बच्चों का नहीं देना पड़ा। मंगलवार की सुबह उसका 12 साल का बेटा इबादुर्रहमान मंगूलाल सरस्वती विद्यामंदिर स्कूल गया था।
स्कूल से सुबह करीब पौने आठ बजे वह पैदल लौट रहा था। मोहल्ला कलालान के चौराहे पर दो बाइक सवार ने छात्र का अपहरण कर लिया। आरोप है कि छात्र की गला दबाने की कोशिश की गई।
शोर मचाने पर राहगीरों ने पीछा करके बाइक सवारों को घेर लिया। बाइक सवार छात्र को छोड़कर फरार हो गए। महजबी अपने पिता नजीर हसन के साथ थाने पहुंची और अपने पति के भाई मोहल्ला कलालान निवासी मुजीबुर्रहदमान व एक अन्य के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक छह साल पहले भी बच्चों का अपहरण कराने की कोशिश की गई थी। छात्र का पिता अतीकुर्रहमान उत्तराखंड के लैंसडोन में डाक सहायक के पद पर कार्यरत है।
इस संबंध में थाना प्रभारी नाथूराम पवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीओ गमलेश्वर बिल्टोरिया ने सभी अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सजग रहने को कहा हैं।