नहटौर में बाइक दिलाने की जिद पूरी नहीं होने पर क्षुब्ध होकर एक युवक ने गले में फांसी का फंदा लगाकर पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव अखेड़ा निवासी टीकम सिंह का बेटा भोगराज सिंह (21) हरिद्वार के रोशनाबाद में अपने परिवार के साथ काम करता था। ग्रामीणों के मुताबिक उसका एक भाई गांव में ही रह रहा था।
बीती रात वह हरिद्वार से गांव आया था। उसने गांव के पास ही अपने खेत पर खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ पर फांसी का फंदा बनाकर गले में लटका कर खुदकुशी कर ली। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ पर लटका देखा। युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक युवक परिजनों से बाइक दिलाने की जिद कर रहा था। परिजन उसे रुपये की व्यवस्था होने पर पैसे बाइक दिलाने की बात पर अड़े थे। युवक तुरंत बाइक के लिए जिद पर अड़ा हुआ था। इसी से नाराज होकर वह हरिद्वार से गांव आकर खुदकुशी कर ली। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अता मोहम्मद ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।