स्योहारा में मंगलवार की रात मुरादाबाद चुंगी के पास चीनी मिल के हनुमान मंदिर से प्रसाद चढ़ाकर तीन साथियों के साथ लौट रहे गांव खलीलपुर के पूर्व प्रधान और भाजपा नेता विजय पाल सिंह के मर्डर के खुलासे की मांग को लेकर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ पूर्व प्रधान के शव को मुरादाबाद हाईवे पर रखकर जाम लगाया। अफसरों के साथ नेताओं के समझाने पर जाम खोला गया। मृतक के भाई ओमप्रकाश ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार की रात करीब नौ बजे पूर्व प्रधान और भाजपा नेता विजयपाल सिंह प्रजापति अपने साथी राजू शर्मा निवासी बहादरपुर, सुशील कुमार और मुनेश कुमार निवासी बसंतगढ़ के साथ शुगर मिल के मंदिर से प्रसाद चढ़ाकर लौट रहे थे। रामलीला मैदान रास्ते में कुछ लोगों ने उसके भाई विजय पाल की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बिजनौर ले गई ।
बुधवार को घटना से क्षुब्ध परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम होने के बाद आए शव को मुरादाबाद चुंगी के पास मुरादाबाद हाईवे पर रखकर जाम लगाया। जाम लगाने वालों में परिजनों के साथ बड़ी तादाद में ग्रामीण भी थे। जाम की वजह से करीब 45 मिनट तक यातायात बाधित रहा। परिजन पुलिस से घटना के शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे थे। सीओ नगीना और सीओ धामपुर अशोक यादव तथा विधायक इंद्रदेव सिंह, विनीत देवरा, मुकेश रस्तोगी, आलोक अग्रवाल, गजेंद्रपाल सिंह प्रजापति, राजपाल सिंह प्रजापति, पूर्व डिप्टीएसपी इकबालुज्जमा ने जाम लगाने वालों को समझाया तक जाकर जाम खुल पाया।
एसओ सतीश यादव ने जाम लगाने वालों को एक सप्ताह में हत्याकांड का खुलासा करने और हत्यारों को गिरफ्तार करने का लिखित आश्वासन दिया। शव का अंतिम संस्कार किया जा सका।
मेडिकल स्टोर रहे बंद
पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह के मर्डर के विरोध में मेडिकल स्टोर बंद रहे। गांव में ऐहतियात के तौर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस की टीम मर्डर के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। एसओ सतीश यादव के मुताबिक मर्डर का खुलासा करने को टीम लगा दी गई है।