हल्दौर में एक गांव में भरी पंचायत में युवती गैर संप्रदाय के प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई। इससे दोनों पक्षों में तनाव पैदा हो गया। ग्रामवासियों ने बामुश्किल मामला शांत कराया। पंचायत ने प्रेमिका को परिजनों के साथ भेजकर दोबारा ऐसा होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का पड़ोस के गांव निवासी गैरसंप्रदाय के युवक से कुछ माह से प्रेम प्रसंग है। शनिवार रात्रि प्रेमिका अपने परिजनों को घर में सोता छोड़कर निकल गई। युवती प्रेमी के घर जा पहुंची। सुबह परिजन जागे तो युवती को घर से गायब पाया। परिजनों ने उसकी तलाश की। उसे पड़ोस के एक गांव में प्रेमी के घर से पकड़ लिया।
ग्रामवासियों के अनुसार, इस मामले को लेकर युवती के गांव में दोनों पक्षों के बीच रविवार सुबह पंचायत हुई। पंचायत में प्रेमी व प्रेमिका को बुलाया गया। पंचायत में प्रेमिका प्रेमी संग शादी करने पर
अड़ गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी हो गई। ग्रामवासियों ने बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों को शांत किया। पंचायत ने युवती को परिजनों के साथ भेज दिया। पंचायत ने हिदायत भी दी कि दोबारा ऐसा हुआ तो दोनों पक्षों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाहक एसओ जीतचंद का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।