नूरपुर क्षेत्र के ग्राम आलमपुरी में कार्यकर्ताओं से मिलते केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को विधायक लोकेंद्र चौहान के गांव आलमपुरी पहुंचे। विधायक के परिजनों के साथ 24 मिनट तक गृहमंत्री रहे। गृहमंत्री ने परिजनों को सांत्वना दी व लोकेंद्र चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि लोकेंद्र चौहान होनहार व लोकप्रिय विधायक थे। कहा कि पार्टी ने एक लोकप्रिय नेता खो दिया है, उनके जाने से जो क्षति हुई है, उसे पूरा नहीं किया जा सकता है।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह का हेलीकाप्टर निर्धारित समय 10.50 बजे की जगह करीब एक घंटा विलंब से 11.48 बजे पहुंचा। हैलीपैड से सीधे वह लोकेंद्र चौहान के आवास पर पहुंचे। मकान के अंदर जाकर परिजनों के साथ बैठ गए। इस दौरान लोकेंद्र चौहान के बड़े भाई सीपी सिंह ने कहा कि लोकेंद्र चौहान ने परिजनों से कहा था कि राजनीति करने के लिए उन्हें फ्री छोड़ दिया जाए। वह केवल राजनीति करेंगे। घर का कामकाज भाई देखते रहें। सीपी सिंह ने कहा कि घर का ख्याल व घर के खर्चे वह देखते रहेंगे। राजनाथ सिंह उनकी बातों पर हुंकारे भरते रहे। लोकेंद्र चौहान के पिता महेशचंद ने गृह मंत्री से कहा कि अब उनके परिवार का वे ख्याल रखें। गृह मंत्री की रैलियों व कार्यक्रम में लोकेंद्र चौहान खूब बढ़ चढ़कर भाग लेते थे। 24 मिनट तक गृह मंत्री परिजनों के साथ रहे। पर खुलकर कुछ नहीं बोले। लोकेंद्र चौहान की पत्नी अवनी सिंह भी चुप्पी साधे रहीं और कुछ नहीं बोलीं।
अवनी सिंह के साथ उनका बड़ा बेटा तेजस्व था। राजनाथ सिंह ने विधायक लोकेंद्र चौहान के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। घर से बाहर आने पर राजनाथ सिंह ने पार्टी नेताओं का अभिवादन भी स्वीकार किया। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं के बीच में आए। कार्यकर्ताओं व नेताओं ने राजनाथ सिंह से मांग की कि लोकेंद्र चौहान की स्मृति में कोई यादगार स्मारक बनवाया जाए। ऐसा काम किया जाए कि राजनीति में लोकेंद्र चौहान का परिवार का वजूद कायम रहे। राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी इस मामले में सही निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान जो लोकेंद्र चौहान की सुरक्षा में थे वे और बाकी लोगों की मौत का भी उन्हें दुख है। उनके परिजनों के प्रति भी उनकी संवेदना हैं। प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक मृतकों के लिए कोई घोषणा न होने पर उन्होंने कहा कि स्वयं योगी जी खुद उनके परिजनों से मिलने आए थे। जो भी संभव होगा वह किया जाएगा। मृतक पुलिसकर्मियों व बाकी के परिजनों की मदद के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी आवश्यकता होगी वो मुख्यमंत्री जी से इस बारे में मिलकर बात करेंगे। इस मौके पर सांसद कुंवर सर्वेश कुमार राकेश व डा.यशवंत सिंह, विधायक कमलेश सैनी, कांठ विधायक राजेश सिंह चुन्नू, अशोक राणा, मंत्री गुलाबो देवी, पूर्व विधायक वेद प्रकाश, पूर्व सांसद शीशराम रवि, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, विनीत देवरा, मुकेश रस्तोगी आदि रहे।