नजीबाबाद/जलालाबाद। जलालाबाद फ्लाई ओवर के निकट आजाद नगर चौराहे पर डंपर ने छात्रा को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने मेरठ-पौड़ी और हरिद्वार मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
प्रशासन के आश्वासन पर करीब ढाई घंटे बाद जाम खोला गया। पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर गाड़ी जब्त कर लिया है। मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया। पुलिस पंचनामा भरकर शव को परिजनों को सौंप दिया।
आजाद नगर निवासी मो. लड्डन की पुत्री सना खान को कासमियां इंटर कॉलेज जाते समय रेत-बजरी से भरे डंपर ने कुचल दिया। साइकिल सवार कक्षा 10 की छात्रा सना के डंपर से कुचलने की खबर मिलते ही कासमियां इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महताब अहमद, शिक्षक अफजाल, मो.नईम, मो.अकरम घटना स्थल पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पहुंचे क्षेत्रीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने मेरठ-पौड़ी और हरिद्वार मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। सीओ संजय राय ने बताया कि डंपर चालक मुरादाबाद निवासी मो. सालिम को पुलिस ने गिरफ्तार कर गाड़ी को भी जब्त कर लिया।
एसडीएम मनोज कुमार, सीओ संजय राय, थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को समझाया। एसपी देहात डॉ.धर्मवीर सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। प्रदर्शनकारियों ने मृतक छात्रा के परिजनों को मुआवजा दिलाने, आजाद नगर चौराहे के होर्डिंग्स, गंदगी हटाने, चौराहे पर गोल चक्र बनवाने की मांग की।
जलालाबाद चेयरमैन याकूब राइन, सपा जिला महासचिव चौधरी महमूद कुरैशी, रफीक अंसारी, फुरकान खां, परवेज खां, फराज खान, फहीम, मुफ्ती अरशद, शाहिद अली, अबुल वफा, अख्तर, अफजाल, मकबूल रिजवी, शाकिर अली, नफीस अहमद मौके पर पहुंच गए।
प्रदर्शनकारियों को समझाने के साथ प्रशासन पर प्रतिनिधियों ने कार्रवाई का दबाव बनाया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। प्रशासन ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर डंपर मालिक और खनन से जुड़े लोगों से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने, क्षेत्र को गंदगी मुक्त बनाने, होर्डिंग्स हटवाने का आश्वासन दिया। करीब ढाई घंटे बाद जाम खोला गया। पंचनामे के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बाल-बाल बचीं दो छात्राएं
जलालाबाद। छात्रा के साथ अपनी-अपनी साइकिलों से जा रहीं जलालाबाद निवासी कक्षा 6 की निगार, कक्षा 11 की शहरीन को मौत छूकर निकल गई। मामूली रूप से चोटिल बदहवास छात्राओं को परिजन घर ले गए।
तत्काल हुई कार्रवाई
नजीबाबाद। आजाद नगर तिराहे पर हादसे के बाद तत्काल प्रशासन ने चारों ओर लगे होर्डिंग्स हटवा दिए। चौराहे पर गोल चक्र का निर्माण भी तत्काल प्रभाव से शुरू करा दिया गया। प्रशासन ने चौराहे पर स्कूल समय में सिपाही की तैनाती और जल्द क्षेत्र को गंदगी मुक्त कराने का आश्वासन दिया।
आज कासमियां इंटर कॉलेज का अवकाश
नजीबाबाद। कासमियां इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महताब अहमद ने आज कक्षा 10 की छात्रा सना परवीन की मार्ग दुर्घटना में मृत्यु पर अवकाश घोषित किया।
डंपर कब्जे में, चालक के विरुद्घ कार्रवाई
सीओ संजय राय ने बताया मृतक छात्रा के भाई शहजाद और फुरकान ने पोस्टमार्टम एवं कार्रवाई बिना छात्रा का शव लेने को कहा था। पंचनामे के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया। मुरादाबाद निवासी चालक मो. सालिम को पुलिस ने हिरासत में लिया। डंपर कब्जे में लेकर चालक के विरुद्घ कार्रवाई की जा रही है।