नजीबाबाद में गांव में शौचालय बनवाने के लिए रेत की व्यवस्था जुटाने का खामियाजा एक ग्राम प्रधान को भुगतना पड़ा। ग्राम प्रधान को पूरी रात थाने में गुजारनी पड़ी। ग्राम प्रधान नगीना देहात थाने के एक दरोगा पर उसे व बुग्गियों को छोड़ने के नाम पर मोटी रकम वसूलने का आरोप लगाते हुए प्रकरण की शिकायत बीडीओ से की।
ग्राम पंचायत मुअज्जमपुर सादात के ग्राम प्रधान हरीशचंद बृहस्पतिवार को बीडीओ एके उपाध्याय से मिले। ग्राम प्रधान ने बताया कि ओडीएफ योजना के तहत गांव में इज्जत घर (शौचालय) का निर्माण कराया जा रहा है। फिलहाल रामकुमार, शेर सिंह, अमीचंद, नरेंद्र, मूला, सरोज, राजेंद्र आदि ग्रामीणों का शौचालय निर्माणाधीन है। एक मई की रात बासित, संजय, राशिद, हारून अपनी बुग्गियों से खो नदी से रेत लेकर गांव मुअज्जमपुर सादात ला रहे थे। झक्काकी के पास नगीना देहात थाने के एक दरोगा ने बुग्गियां पकड़कर थाने में खड़ी करा दीं।
ग्राम प्रधान ने बताया कि मामले की सूचना पर जब वे थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें भी पूरी रात थाने में ही बैठाए रखा और सुबह 10 हजार रुपये लेकर उन्हें, बुग्गी चालकों व बुग्गियों को छोड़ा। इस संबंध में बीडीओ एके उपाध्याय ने बताया कि शौचालय से वंचित हर एक घर में शौचालय निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शौचालय निर्माण के लिए रेत न मिलना चिंता का कारण बना है। उन्होंने ग्राम प्रधान को पूरी रात थाने में बैठाने और हजारों रुपये वसूलकर उन्हें छोड़ने के मामले को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में सीडीओ एवं सीओ नगीना को प्रकरण से अवगत कराने की बात कही।