बिजनौर। विधायक रुचि वीरा के पति पर गांव घासीवाला की एक महिला ने उसके पति को समर्थकों के साथ पीटने का आरोप लगाया है। घायल को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया है। उधर, दूसरी तरफ उदयन वीरा ने आरोप को गलत बताया।
कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। वहीं, इस मामले को लेकर भाजपा सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह और पूर्व विधायक शाहनवाज राना अफसरों से मिले और मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव घासीवाला बंगाली कॉलोनी निवासी माया चटर्जी ने बताया कि सोमवार रात गांव के मंदिर में दुर्गा पूजन चल रहा था। वहां उसके पति तरुण चटर्जी के अलावा गांव धर्मनगरी निवासी अंकुर चौधरी उर्फ बंटी, अनिल, तपस, नीटू, गांव चंदपुरी के बिट्टू समेत आदि लोग मौजूद थे।
इस दौरान तरुण ने किसी बात करते हुए कह दिया कि उदयन वीरा जिपं सदस्य पद का चुनाव हारेंगे और पूर्व विधायक शाहनवाज राना की पत्नी इंतखाब राना चुनाव जीतेंगी। इस बात पर उदयन वीरा के समर्थकों की तरुण से कहासुनी हो गई। उस दौरान तो किसी तरह मामला वहां पर दब गया।
तरुण थोड़ी देर बाद घर आ गए। रात को करीब साढ़े नौ बजे उदयन वीरा, अंकुर चौधरी, अनिल, तपस, नीटू, बिट्टू समेत दो अन्य व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ उनके घर में आ धमके। गालियां देकर उसके तरुण को पीटना शुरू कर दिया और उसको खींचकर गाड़ी में डालने लगे। शोर शराबा होने पर पड़ोस के लोग आ गए। आरोपियों ने उन पर तमंचे ताने और तरुण को कार में डालकर ले गए।
आरोप है कि तरुण को उदयन वीरा की कोठी में ले जाकर पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की गई। उसके शोर मचाने पर वहां भीड़ एकत्रित हो गई। जिस पर आरोपी उसको छोड़कर भाग गए। गंभीर रूप से घायल तरुण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर किया।
इस मामले को लेकर भाजपा सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह और पूर्व विधायक शाहनवाज राना डीएम से मिले और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। उधर, शहर कोतवाल अजय गौतम के मुताबिक उन्हें इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।