चांदपुर में व्यापारी से लूट की घटना के बारे में जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के चांदपुर में बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर खड़े व्यापारी को हथियारों के बल पर आतंकित कर उससे डेढ़ लाख रुपये से भरा थैला लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। थैले में सभी नोट 100, 50 और 10 के थे।
मोहल्ला कटारमल निवासी विनोद कुमार गेहूं, चावल के व्यापारी हैं। सब्जी मंडी में उनकी दुकान है। बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े सात बजे वह दुकान बंद करके बाइक से घर के बाहर पहुंचे। इस दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां आ धमके। बदमाशों ने व्यापारी पर तमंचे तान दिए और उनसे रुपयों से भरा थैला छीनकर फरार हो गए। थैले में डेढ़ लाख रुपये थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन मिले नहीं।
व्यापारी से लूट की सूचना पर बड़ी तादाद में व्यापारी विनोद कुमार के घर पहुंचे व घटना की जानकारी ली। लूट की घटना से व्यापारियों में भारी रोष है।