धामपुर में पुलिस ने शरीफ हत्याकांड में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कई स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को पनाह देने वाले कई लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
कोतवाल मुनीश चंद शर्मा ने बताया कि मोहल्ला बंदूकचियान निवासी 30 वर्षीय शरीफ पुत्र जुम्मा की उसी के जीजा बुरहान ने 26 जनवरी को पीटकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे क्या कारण रहे है। पुलिस अभी पता लगाने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि जब तक हत्या का आरोपी मृतक का जीजा गिरफ्तार नहीं होता है तब तक कारणों का सही पता लगना संभव नहीं है। मृतक शरीफ को उसी का जीजा अपने साथ 25 जनवरी को धामपुर से नूरपुर लेकर गया था।
25 जनवरी की रात को ही बुरहान ने अपने साले को जमकर पीटा। उसे अधमरा करने के बाद स्वयं धामपुर वापस आकर अपने किराए के मकान में सो गया। इस दौरान नूरपूर से किसी ने शरीफ के परिजनों को सूचना दी। रात में ही शरीफ के परिजन नूरपुर गए और घायलवस्था में उसे नूरपुर से उठाकर यहां ले आए और उपचार को निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया। जिसकी 26 जनवरी को उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की मां जमीला ने पुलिस में अपने दामाद के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कायम कराकर कार्रवाई की मांग की है। आरोपी अमरोहा का रहने वाला है। धामपुर किराए पर रहकर एक डेयरी पर काम करता है। बकौल कोतवाल पुलिस ने शुक्रवार रात कई स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपी को पनाह देने वालों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उस डेयरी को भी हाल में बंद करा दिया है। डेयरी मालिक को हिदायत दी है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता है, तब तक पुलिस उसे डेयरी नहीं चलाने देगी।