हल्दौर में गांव मुकरपुर सत्ती के निकट अपने पिता संग मायके पैदल जा रही एक विवाहिता को उसके ससुरालियों ने कार से उसका अपहरण करने का प्रयास किया । महिला व उसके पिता के विरोध करने पर ससुरालियों ने महिला को चाकू से घायल कर फरार हो गए। पीड़िता के पिता ने तीन लोगों पर अपहरण, जानलेवा हमला व दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी
क्षेत्र के गांव सोतखेड़ी निवासी अनीस अहमद की पुत्री नगमा का निकाह करीब दो वर्ष पूर्व हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव पीर ऊमरी निवासी कल्लू खां के पुत्र मो. आजम खां से हुआ था। नगमा के पिता के अनुसार विवाहिता को ससुराल वाले दहेज न देने पर ससुरालियों ने घर से निकाल दिया।
रविवार की दोपहर करीब एक बजे विवाहिता अपने पिता संग गांव पावटी से दवा लेकर गांव मुकरपुर सत्ती से होते हुए पैदल अपने मायके लौट रही थी। विवाहिता के पिता का आरोप है कि मुकरपुर सत्ती के निकट तीन ससुरालियों ने उन्हें रोक लिया और विवाहिता को कार में जबरन डालकर ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान तीनों लोगों ने विवाहिता को चाकू मारकर घायल कर दिया। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे किसानों को आता देख आरोपी फरार हो गए। पीड़िता के पिता ने विवाहिता के फरार ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा का कहना है कि महिला के साथ मारपीट का आरोप है। इस मामले में महिला का दहेज का मुकदमा महिला थाना परामर्श केंद्र बिजनौर में पंजीकृत है। महिला के साथ मारपीट के मामले को लेकर पति मो. आजम खां ,देवर दानिश व मुय्याद्दीन के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।