बरूकी। क्षेत्र के गांव गनौरा में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की रात को मृतक के भाई की शादी है। शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
गांव गनौरा निवासी अमर सिंह के छोटे बेटे की बारात शुक्रवार की शाम को जानी थी। बृहस्पतिवार को मंढ़े में सभी रिश्तेदार आए हुए थे। गांव वालों के मुताबिक अमर सिंह के बड़े बेटे ने रिश्तेदारों के साथ खूब शराब पी। शराब के नशे में ही अनिल की रिश्तेदारों के साथ कहासुनी भी हो गई।
परिजनों के अनुसार रात में परिजनों ने बामुश्किल रिश्तेदारों व अनिल को समझाकर अलग किया तथा अनिल को एक कमरे में बंद कर दिया। सुबह के समय परिजनों ने कमरे में देखा, तो अनिल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन अथवा रिश्तेदार यह बताने को तैयार नहीं है कि फांसी लगाने की क्या वजह थी। परिजनों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दिए बिना ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
अनिल की मौत से घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई। शुक्रवार की शाम को अनिल के छोटे भाई की बारात जानी थी। परिवार के संभ्रांत व्यक्तियों ने बैठकर मशविरा किया तथा लड़की पक्ष के लोगों से बात की। घर में मौत हो जाने पर बारात को ले जाना स्थगित कर दिया।
निर्णय लिया कि दूल्हे के साथ कुछ परिजन जाएंगे तथा शादी की रस्म पूरी करके दुल्हन को ले आएंगे। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह ने घटना की जानकारी से इंकार कर दिया है।