बिजनौर के हल्दौर के गांव पैजनियां में एक युवक की अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई । मृतक के पिता ने उसके ससुरालियों पर मारपीट कर उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या करने की आशंका जताते हुए अपनी पुत्रवधू समेत अन्य चार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए बिजनौर भेजा।
नूरपुर के मोहल्ला रविदास निवासी 35 वर्षीय सरदार हरपाल सिंह पुत्र गुरमुख सिंह की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व गांव पैजनियां निवासी सरदार नत्थू सिंह की पुत्री परमजीत कौर के साथ हुई थी । करीब तीन वर्ष से पति पत्नी के बीच किसी मामले को लेकर मनमुटाव चल रहा था। विवाहिता नाराज होकर तीन साल से अपने बच्चों संग अपने मायके में रह रही है। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार की शाम हरपाल सिंह अपनी ससुराल आया हुआ था। उसकी वहा संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर मृतक के परिजन उसकी ससुराल पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया। मृतक के पिता ने अपनी पुत्रवधू परमजीत कौर व उसके पिता नत्थू सिंह मां सुभाष कौर, भाई रजक सिंह व पड़ोसी चाचा गुरदयाल सिंह के खिलाफ अपने पुत्र को मारपीट कर जबरन उसे जहरीला पदार्थ कराकर उसकी हत्या करने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले के पांचों हत्यारोपी फरार हैं।
उधर, कार्यवाहक एसओ जीत सिंह पुंडीर का कहना है कि फरार पांचों हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। उधर, धामपुर में नहटौर तिराहे पर शराब के नशे में धुत एक बाइक सवार डिवाइडर से टकरा गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वह बेहोशी की हालत में है। बेहोशी होने की वजह से युवक के संबंध में कोई जानकारी नहीं लग पाई है। घटना के संबंध में युवक की पहचान के लिए पुलिस को अवगत कराया गया है।