एनएच-24 पर सीआईएसएफ कट के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि बाइक चल रहा उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। रिश्तेदार काफी देर तक घायल किशोर को अस्पताल ले जाने के लिए राहगीरों से मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई नहीं रुका।
बड़ी मुश्किल से ऑटो मिलने पर रिश्तेदार किशोर को नोएडा स्थित अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर बस को कब्जे में ले लिया है।
शक्ति खंड निवासी राकेश बंसल ग्रेटर नोएडा में लोहे का काम करते हैं। उनके साथ साले का बेटा अजय गर्ग (17) भी काम करता है। शनिवार की सुबह करीब छह बजे वह अजय के साथ बाइक से ग्रेटर नोएडा जा रहे थे, सीआईएसएफ कट के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
बाइक समेत राकेश काफी दूर जाकर गिरे, जबकि अजय गर्ग बस की चपेट में आ गया। राकेश अजय को किसी तरह ऑटो में लेकर नोएडा स्थित अस्पताल पहुंचे, जहां पर इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। राकेश ने थाना इंदिरापुरम पुलिस को मामले में शिकायत दी है।
राकेश से मिलने बस नंबर के आधार पर पुलिस ने लोनी डिपो के रोडवेज बस चालक सौरभ दुबे को गिरफ्तार कर बस कब्जे में ले ली। सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के पांच मिनट के अंदर ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी लेकिन तब तक अजय को ऑटो में लेकर राकेश अस्पताल की ओर चल पड़े थे।
समय पर पहुंच जाता अस्पताल तो बच जाती जान
अगर अजय गर्ग को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। राकेश बंसल ने बताया कि सुबह आधे घंटे तक सड़क से गुजर रहे लोगों से मदद की गुहार लगाई लेकिन कोई नहीं रुका। राकेश ने बताया कि अजय के पिता दिल्ली में स्क्रैप करोबारी है। उसने 12 की कक्षा पास की है और अगले वर्ष बीटेक में दाखिला लेने वाला था।