हल्दौर। बस और विक्की की भिड़ंत में इमाम की मौत हो गई। जनपद अमरोहा के कस्बा बछराव के मोहल्ला शेखजादान निवासी नबीजुरहमान (62) साल सैलपुरा गांव की मस्जिद में तीन साल से इमाम थे।
शनिवार शाम करीब चार बजे इमाम विक्की से नूरपुर जा रहे थे। गांव खासपुरा से पहले बिजनौर साइड से आ रही एक प्राइवेट बस से टक्कर हो गई। जिसमें इमाम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस का चालक बस छोड़ कर भागने लगा।
तो ग्रामीणों ने आधा किमी दूरी पर पकड़ लिया। आरोप है कि चालक के साथ मारपीट की और बाद में हल्दौर पुलिस को सौंप दिया।
कारों की भिड़ंत में सात घायल
मंडावली। हाईवे पर दो कारों की टक्कर से सात घायल हो गए। हादसे में दोनों कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
हरिद्वार मार्ग पर मोटाढ़ाक के निकट शनिवार सवेरे आठ बजे ऋषिकेश से हल्द्वानी जा रही आइकोन कार ने हरिद्वार से रानीखेत जाते समय टाटा इंडिको कार को टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों कारें खाई में गिर गईं।
आइकोन कार के चालक संजय, उसकी पत्नी सोनू, बेटी नेहा और टाटा इंडिको कार के चालक दीपक, मोहनचंद, ललित, पुष्पा देवी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्ष में समझौते की बात चल रही थी।