बागपत के बड़ौत क्षेत्र के
पठानकोट बड़का रोड से लापता छात्र का 12 दिन बाद भी पता नहीं चल सका है।
हिलवाड़ी और बड़का गांव के जंगल ने हथियारबंद लोगों द्वारा छात्र को देखे
जाने पर पुलिस और परिजनों ने जंगल में घंटों कांबिंग की, लेकिन कोई सुराग
नहीं मिला।
पठानकोट निवासी हारूण का 13 वर्षीय पुत्र शोएब 14 सितंबर को
लापता हो गया था। वह कक्षा आठ का छात्र था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की
लेकिन उसका पता नहीं चल सका है।
शुक्रवार को हारूण ने कोतवाली में अपहरण की
रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को छात्र के परिजनों को बड़का और हिलवाड़ी
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि एक बच्चे को छह-सात हथियारबंद लोगों के साथ
देखा गया है।
इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। थाना प्रभारी वीके सिंह
के साथ परिजनों ने हिलवाड़ी व बड़का गांव के जंगल में घंटों कांबिंग की,
लेकिन छात्र का कहीं पता नहीं चल सका। परिजनों ने शोएब की सकुशल बरामदगी की
मांग की है।