नजीबाबाद में क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन चरम पर है। बुग्गियों से रेत-बजरी का भी खनन किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार खनन नीति बनाने में जुटी है। वर्तमान में रेत-बजरी और मिट्टी का खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। सरकार क ी सख्ती के बावजूद खनन माफिया प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर बड़े पैमाने पर मिट्टी और रेत-बजरी का अवैध खनन करने में जुटे हैं।
शाम ढलते ही मिट्टी और रेत-बजरी का अवैध खनन शुरू हो जाता है। पूरी रात मिट्टी खनन की ट्रॉलियां दौड़ती हैं। नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग, जलालाबाद, कल्हेड़ी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर मिट्टी का भरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से किया जा रहा है। नजीबाबाद के साहनपुर-बिजौरी मार्ग, कल्हेड़ी, लुकादड़ी, मथुरापुरमोर में रेत-बजरी खनन बुग्गियों से किया जा रहा है। राजस्व कर्मचारी और क्षेत्रीय पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से किए जा रहे बड़े पैमाने पर मिट्टी के अवैध खनन को देखकर ऐसा लगता है कि जैसे शासन और प्रशासन ने खनन की छूट दे दी हो।
एसडीएम प्रदीप कुमार ने अवैध खनन की जानकारी से अनभिज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खनन पूर्णत: प्रतिबंधित है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से खनन माफियाओं के विरुद्घ अभियान चलाने की बात कही।