बिजनौर के रायपुर सादात में पांच युवकों ने बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर सनसनी फैला दी। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही गैंगरेप के आरोपी पांचों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार भी कर लिया है। एसपी देहात और सीओ नगीना ने गांव पहुंचकर घटना के बारे में पीड़ितों से जानकारी ली। नगीना देहात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति सोमवार सुबह पत्नी के साथ आवश्यक कार्य से नूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी ससुराल गया था। दंपति अपने बच्चों को घर पर ही छोड़ गया था।
दंपति की सबसे बड़ी करीब 11 वर्षीय पुत्री स्कूल नहीं जाती है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांव में ही किसी के यहां से लौट रही थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मौका पाकर पड़ोसी पांच युवक बालिका को उठाकर गांव से बाहर सुनसान स्थान पर ले गए। पांचों ने बालिका को अपनी हवस का शिकार बनाया।
बालिका के बेहोश होने पर उसे छोड़कर आरोपी युवक फरार हो गए। दंपति शाम को नूरपुर से लौटा तो बालिका ने आपबीती बताई। मंगलवार की सुबह दंपति बालिका को साथ लेकर नगीना देहात थाने पहुंच कर घटना के संबंध में जानकारी दी।
बालिका की मां ने गैंगरेप के आरोपी युवकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने गैंगरेप के आरोप में फाजिल (20), माजिद (20), नदीम (22), कलीम (20), विशाल (20) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दो युवकों कलीम और विशाल को गिरफ्तार कर लिया। नगीना देहात थाना प्रभारी देवपाल सिंह ने घटना की सूचना पुलिस उच्चाधिकारियों को दी।
एसपी देहात डॉ.धर्मवीर सिंह एवं सीओ नगीना कमलेश्वर विल्टोरिया ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पकड़े गए आरोपी युवकों से पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। हालांकि आरोपियों ने फरार आरोपियों पर बच्ची की इज्जत लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवकों को जेल भेज दिया है। बालिका को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।