बिजनौर के मंडावली में कांठपुर में प्रेमिका को गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में युवक-युवती के शवों का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया।
शुक्रवार को क्षेत्र के गांव कांठपुर में पूर्व प्रधान की पुत्री रेखा की पड़ोसी युवक राजू ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
साथ ही खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। दोनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। शनिवार को बालावाली गंगाघाट पर रेखा और नांगल गंगाघाट पर राजू के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले की गंभीरता के चलते सुरक्षा की दृष्टि से घटना के बाद से शनिवार को दिनभर गांव में पुलिस तैनात रही। उधर, कांठपुर में युवती के परिजनों ने शव उठाने के लिए महिला पुलिसकर्मी न बुलाए जाने पर नाराजगी जताई।
दूसरी ओर, गांव काशीरामपुर में शुक्रवार को एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बिना महिला पुलिसकर्मी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया था। इस महिला के परिजनों ने भी महिला पुलिसकर्मी के न आने पर नाराजगी जताई है।