पालिका चेयरमैन को पीड़ा बताते ठगी के शिकार पीड़ित
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के धामपुर में मुंबई के पांच युवकों और धामपुर की एक महिला ने मोहल्ला बंदूकचियान के दो लोगों को विदेश भेजने के नाम पर छह लाख की ठगी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है।
पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुंबई के साइन रेलवे स्टेशन के मोहल्ला नायक नगर निवासी मंसूर खान, मुईनुददीन खान, नौशाद खान, एहसान खान, मुर्सरत खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब एक साल पहले धामपुर के मुहल्ला बंदूकचियान निवासी दो युवक मुंबई में उनकी ही कॉलोनी में किराए पर रहते थे। इन युवकों ने विदेश में नौकरी दिलाने का वादा किया। छह माह पहले उनकी कॉलोनी के पांच युवकों ने दुबई में नौकरी करने का प्लान बनाया। वह धामपुर के दोनों युवकों के संपर्क में आए।
आरोप है कि इन दोनों युवकों ने संयुक्त तौर पर पांच लाख की नकदी ली। रकम लेेने के बाद बताया कि उनकी दुबई में बात हो गई है। वह जिस कंपनी में काम करना चाहते हैं उसी में भेजा जाएगा। दो माह पहले वह आरोपियों के चक्कर में आकर दुबई तो चले गए। आरोप है कि वहां पर उन्हें काम नहीं मिला। जब उन्होंने इन युवकों से दुबई से बात की, तो बताया गया कि वह चिंता न करें। आराम से किराए पर कमरा लेकर रहे। पैसों की व्यवस्था वह उनके वहां रहने के लिए कर देगा। आरोप है कि काफी दिनों बाद भी काम नहीं मिलने पर किसी तरह से वह यहां अपने देश लौटे।
विदेश से वापसी के बाद जब उन्होंने धामपुर आकर उनसे दी रकम को वापस मांगा, तो उन्होंने देने से मना कर दिया। दबाव देने पर आरोपियों ने रकम वापस करने के नाम पर चेक काट कर दे दिए। आरोप है कि जिस बैंक के चेक है उस खाते में रुपये ही नहीं है। पीड़ित युवक शनिवार को इस मामले को लेकर पालिकाध्यक्ष महमूद हसन कस्सार से भी मिले। उनसे भी आरोपियों से ठगी रकम को दिलाने की मांग की। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि उनके आग्रह करने के बाद भी आरोपी बाज नहीं आ रहे है। उधर, मुहल्ला बंदूकचियान निवासी नुकहत परवीन ने भी इन्हीं दोनों युवकों पर पुत्र सुहेल को विदेश भेजने के नाम पर सवा लाख की ठगी का आरोप लगाते हुए रकम को वापस दिलाने की मांग की है