नजीबाबाद। कपड़े के शोरूम के प्रथम तल पर आग लगने से लाखों रुपये का कीमती कपड़ा जलकर राख हो गया। शोरूम के दूसरे तल पर रह रहा परिवार बाल-बाल बचा।
बाजार कल्लूगंज की घनी आबादी एवं संकरी गलियों के बीच स्थित दीप इंपोरियम साड़ी सेंटर में आग लग गई। रिक्शा चालकों ने शोरूम से उठता धुआं देखकर आग लगने की सूचना दी। इंवर्टर के शॉर्ट सर्किट से लगी आग पर अजय गुप्ता, यशवीर, राजेंद्र, बब्लू, तरुण अग्रवाल, लक्ष्मीचंद सहित क्षेत्रीय कारोबारियों ने काबू पाया।
अग्निशमन टीम संकरा बाजार होने के कारण घटना के आसपास तक नहीं पहुंच पाई। नगरपालिका ने पानी टैंकर व्यवस्था उपलब्ध कराई। सरदार जोगेंद्र सिंह के इंपोरियम केंद्र पर लगी आग में प्रथम दृष्टया डेढ़ से दो लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान है।
बाल-बाल बचा परिवार
नजीबाबाद। दीप इंपोरियम की जिस मंजिल पर अग्निकांड हुआ, उससे ऊपरी तल पर ललित जैन का परिवार रहता है। पूरे परिवार ने धुएं एवं आग से घिरने की दहशत के बीच भागकर अपनी जान बचाई।
संकरे मार्ग बने बाधक
नजीबाबाद। बाजार कल्लूगंज, चौक बाजार व आसपास का घना आबादी क्षेत्र संकरे मार्गों से जुड़ा है। अग्निशमन विभाग के पास आग बुझाने का बड़ा वाहन है। अग्निशमन प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि छोटी गाड़ी उपलब्ध नहीं है। अशोका लीलैंड वाहन पर 1000 फिट के पाइप उपलब्ध हैं। जिस स्थान पर आग लगी, वह मुख्य मार्ग से काफी दूरी पर है।