बिजनौर। घासीवाला बंगाली कॉलोनी निवासी तरुण से मारपीट के मामले में पुलिस ने चार नामजद सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, सदर विधायक रुचि वीरा के पति का नाम तहरीर में शामिल नहीं होने के कारण उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
तरुण चटर्जी की पत्नी माया ने आरोप लगाया था सोमवार को गांव में हुई पूजा के दौरान चुनाव में हार जीत को लेकर उदयन वीरा के समर्थकों से तरुण की कहासुनी हो गई थी। उस समय तो मामला किसी तरह शांत हो गया था। कुछ देर बाद सदर विधायक का पति और दो अज्ञात के साथ कुछ लोग हथियारों के बल पर घर में घुस आए और तरुण का अपहरण कर ले गए थे।
उनको उदयन वीरा की कोठी पर ले जाकर बुरी तरह पीटा गया। तरुण को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया था। इस मामले में भाजपा सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह और पूर्व विधायक शाहनवाज राना ने डीएम से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी।
माया ने तहरीर भी दी थी, जिसमें उदयन वीरा सहित कई लोगों के नाम थे। आरोप है पुलिस ने केवल अंकुर चौधरी उर्फ बंटी, अतुल उर्फ बिट्टू, तपस, नीटू और दो अज्ञात के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर में सदर विधायक के पति उदयन वीरा का नाम गायब था।
उधर, शहर कोतवाल अजय गौतम के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वादी की ओर से दी गई तहरीर में उदयन वीरा का नाम नहीं है।