सिरसा रोड स्थित बीएसएफ कैंप में एक जवान ने मुजफ्फर नगर थाने के एक अधिकारी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने से आहत होकर नशीला पदार्थ निगल लिया।
बीएसएफ के अधिकारियों ने बुधवार को जवान को उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। मामले की सूचना सदर थाने में दी गई है।
बीएसएफ के जवान ने बताया कि वह मूल रूप से बिजनौर का निवासी है। मुजफ्फर नगर थाने से एक व्यक्ति खुद को थानेदार बता रहा है, उसके घर बार-बार फोन कर रहा है। परिजन इस मामले को लेकर परेशान हैं। जवान का कहना है कि मैंने पहले भी उस व्यक्ति को फोन कर घर पर दोबारा फोन न करने की चेतावनी दी थी।
वह उससे मिलने के लिए मुजफ्फर नगर भी गया था, लेकिन वह नहीं मिला। मंगलवार शाम को फिर उस आरोपी ने घर पर फोन कर दिया। जब दोबारा फोन कर उसको मना किया गया तो खुद को थानेदार बताने वाले आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
बीएसएफ जवान का आरोप है कि जान से मारने की धमकी से आहत होकर नशीला पदार्थ निगल लिया। दूसरे जवान ने जब उसे बेहोशी की हालात में देखा तो अधिकारियों को इसकी सूचना दी और उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।