बिजनौर में नया गांव के विशाल की मौत का सारा राज उसके पिता को मालूम होने का अंदेशा है। पुलिस मान रही है कि मर्डर का राज खुलने के डर से ही संजय ने जहर खाया था। पुलिस के आला अफसरों ने मर्डर के खुलासे की सारी पटकथा तैयार कर ली। मर्डर के सारे सबूत भी जुटा लिए हैं। विशाल के नया गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग थे। एक अन्य युवक भी विशाल की प्रेमिका से बात करता था। इस बात पर विशाल व दूसरे प्रेमी के भाई में भी तकरार हुई थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के नया गांव के विशाल मर्डर को लेकर जिले की सियासत गरमाई हुई है। सोमवार को एसपी से मिलकर ग्रामीणों के साथ लौटते वक्त विशाल के पिता ने एसपी आफिस के बाहर जहर खाकर सब के होश उड़ा दिए थे। पुलिस कह रही है कि ऐसी क्या नौबत आई जो संजय ने जहर खाया। पुलिस संजय को तो कुछ कह भी नहीं रही थी। पुलिस का मानना है कि जहर खाकर संजय ने खुद साबित कर दिया कि विशाल मर्डर का राज उसके अंदर छिपा है। संजय को डर है कि कही वह मर्डर के खुलासे में न फंस जाए। विशाल की मौत की असलियत सबसे सामने आ जाए। शासन से मिला 25 लाख रुपये वापस न करना पड़ा। पुलिस अफसरों के मुताबिक पुलिस की जांच में अब तक यह बात सामने आई है कि विशाल के गांव के ही एक युवती से प्रेम संबंध थे। विशाल मोबाइल पर युवती से लंबी बातें किया करता था। विशाल तीन मोबाइल इस्तेमाल करता था। परिजनों ने उसके पहले तो मोबाइल नंबर नहीं दिए, बाद में दिए तो एक मोबाइल का नंबर छिपाए रखा । इस नंबर पर ही विशाल युवती से बात करता था। पुलिस ने इस मोबाइल नंबर को खंगालकर उसकी कॉल डिटेल निकलवाई तो सारी तस्वीर सामने आती गई।
अफसरों की माने तो 10 फरवरी को विशाल का मर्डर शाम को साढ़े सात बजे नहीं, बल्कि उससे काफी समय पहले हुआ है। विशाल की मौत के बाद भी प्रेमिका के मोबाइल से विशाल के मोबाइल पर कॉल आई । काफी देर तक बात हुई । प्रेमिका से इतनी देर बात किसने की यह पता लगाने में भी पुलिस जुटी हुई हैं। घटना के बाद से उसकी प्रेमिका के मोबाइल नंबर बंद हैं। अफसरों की माने तो विशाल के अलावा उसकी प्रेमिका से एक युवक भी बात करता था। युवक के भाई से विशाल की तकरार भी हुई थी।
घटना के दिन हिरासत में लिए गए युवकों ने बिजनौर के एक होटल में शराब पी। शाम के समय इन युवकों की लोकेशन भी नया गांव में मिली र्है। पुलिस ने विशाल मर्डर केस के खुलासे में तमाम सबूत जुटाने का दावा किया है। पुलिस की माने तो विशाल मर्डर व उसके पिता पर हमले में पेद्दा गांव के नामजद किए पूर्व प्रधान इकबाल समेत सभी नामजद बेकसूर है। वह इस केस के घेरे में नहीं आ रहे है। उनकी नामजदगी साजिशन कराई गई हैं।