बिजनौर में पुलिस ने दरोगा सहजोर सिंह मलिक हत्याकांड में एक शराब माफिया को दबोचा है। उसने शराब पकड़े जाने के बाद अपने साथी के साथ दरोगा का खात्मा करने की धमकी दी थी। पुलिस शराब माफिया से पूछताछ में जुटी है।
दरोगा सहजोर सिंह मलिक ने डेढ़ माह पूर्व गंजालपुर व बिलासपुर के बीच बाग में छापा मारकर गांव बिलासपुर निवासी भारत सिंह व शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव अगरा निवासी नर सिंह को दबोचा था। दोनों ने पुलिस पर गोली चलाई थी। दोनों तस्कर यूरिया व अन्य सामान से नकली शराब बना रहे थे। शराब को हरियाणा की शराब की बोतलों में भरा जा रहा था। पुलिस ने भारत व नर सिंह पर गैंगस्टर एक्ट लगाया था। दोनों ने दरोगा सहजोर सिंह को हत्या की धमकी दी थी।
दरोगा सहजोर सिंह की हत्या होने के बाद से पुलिस इन दोनों की तलाश में लगी थी। पुलिस ने कई दिन से भारत के चाचा को हिरासत में ले रखा था। सोमवार को भारत को दबोच लिया गया। नर सिंह पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस को शक है कि इन दोनों ने ही दरोगा की हत्या की है। भारत से पूछताछ करने के लिए पुलिस किसी गुप्त स्थान पर ले गई है। भारत पर कई मुकदमे दर्ज हैं।