बिजनौर के धामपुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष के शादी से इनकार करने से खिन्न युवती ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
युवती के परिजनों ने घटना की शिकायत महिला प्रकोष्ठ दूरभाष नंबर 1090 पर दर्ज करा दी है। पुलिस ने वर पक्ष के लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया है। नगर के एक मुहल्ले के व्यक्ति ने अपनी बहन का रिश्ता धामपुर में ही एक व्यवसायी से तय किया था। इन दिनों विवाह की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि अब वर पक्ष दहेज में 25 लाख रुपये की मांग कर रहा है।
मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। शादी मई के पहले सप्ताह में तय थी। इसके बाद युवती ने जहर खा लिया। युवती के परिजन इस घटना के लिए रिश्ता टूटने को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
उधर, रेहड़ थाने के गांव दहलावाला निवासी एक व्यक्ति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर अपने बेटे का रिश्ता तोड़ दिया। युवती पक्ष ने एसपी से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ दहेज अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट कायम करने की मांग की है।
उनके मुताबिक, आरोपी युवक देहरादून सचिवालय में नौकरी करता है। रिश्ता टूटने के बाद से युवती सदमे में है। उसने परिजनों से मिलना जुलना भी बंद कर दिया है।