मेंहनगर थाना क्षेत्र के जयनगर बाजार के समीप सोमवार की शाम तीन मनबढ़ों ने ऑटो चालक की पिटाई करने के बाद उसे चाकू घोंप दिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश भाग रहे थे कि उधर से गुजर रही मेहनाजपुर थाने की पुलिस ने दौड़ाकर एक बदमाश को पकड़ लिया जबकि तीन फरार हो गए। पुलिस ने घायल ऑटो चालक को स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज चल रहा है। पीड़ित ने तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के पवनी कला गांव निवासी कमला यादव (40) अपना निजी ऑटो रिक्शा पल्हना बाजार से जयनगर बाजार तक चलाता है। सोमवार की शाम पल्हना बाजार में तीन युवक जयनगर बाजार जाने के लिए आटो बुक कराया। तीनों बदमाश जयनगर बाजार से कुछ ही देर पर उतरकर जाने लगे। कमला यादव ने जब किराया मांगा तो बदमाश उसे लात, घूसों से पीटने लगे।
इसी बीच एक बदमाश ने चाकू निकाला और उसके सिर में घोंप दिया। पुलिस को देख मनबढ़ भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर एक बदमाश को चाकू के साथ पकड़ लिया। जबकि दो भाग निकले। कमला का कहना है कि बदमाश उसकी जेब से 15 सौ रुपये भी निकाल लिया। सीओ लालगंज एसपी तोमर ने बताया कि तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अन्य दो की तलाश की जा रही है।