नजीबाबाद में प्रशासन ने छापेमारी कर पेट्रोलियम टैंकरों से चोरी किया गया काफी मात्रा में पेट्रोल और डीजल बरामद किया। पुलिस ने गोरखधंधे में जुटे दो लोगों को हिरासत में लिया।
मंगलवार को एसडीएम एसके सिंह ने मंडावली पुलिस को साथ लेकर नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर गांव कांठपुर में एक गोदाम पर छापा मारा। टीम ने गोदाम से चार ड्रमों में भरा करीब 800 लीटर डीजल और तीन ड्रमों में भरा करीब 665 लीटर पेट्रोल बरामद किया। ड्रमों के अलावा तीन कैनों में 60 लीटर पेट्रोल भरा मिला। टीम को गोदाम में 19 ड्रम खाली रखे मिले। मंडावली थानाध्यक्ष राजीव त्यागी के नेतृत्व में पुलिस ने मौके से स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव गुरदासपुर निवासी ओमकार सिंह, मंडावली थाना क्षेत्र के गांव जटपुराबौंडा निवासी हनीफ पुत्र जम्मा को हिरासत में लिया।
एसडीएम ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ की, तो पता चला कि नजीबाबाद से ऑयल डिपो से पेट्रोलियम पदार्थ लेकर निकलने वाले टैंकरों के चालकों से उनकी सेटिंग है। टैंकरों से चोरी पेट्रोल और डीजल को गोदाम में स्टोर किया जाता है। प्रशासन को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में चल रहे पेट्रोलियम पदार्थ को भंडारित किए जाने से किसी भी क्षण गंभीर हादसे की आशंका बनी है। एसडीएम के आदेेश पर पेट्रोल-डीजल से भरे ड्रमों, बारदानों को कब्जे में लेने के साथ पुलिस गोरखधंधे में जुटे दोनों लोगों को थाने ले गई। बरामद पेट्रोलियम पदार्थ को नजीबाबाद में पेट्रोलियम डीलर की सुपुर्दगी में दिया गया है।
डीएम के आदेश पर होगी रिपोर्ट दर्ज
नजीबाबाद। पूर्ति विभाग के लिपिक सुनील भटनागर ने बताया कि उनके द्वारा मामले में सीधे मुकदमा दर्ज नहीं कराया जा सकता। पेट्रोलियम पदार्थों की चोरी और भंडारित करने के मामले से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया है। उनके आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
पुलिस की नाक के नीचे हो रही थी चोरी
नजीबाबाद। मंडावली पुलिस की नाक के नीचे लंबे समय से नेशनल हाईवे पर ही टैंकरों से पेट्रोल-डीजल चोरी होने का धंधा चल रहा था। उधर, पूर्ति विभाग के अधिकारियों को इस गोरखधंधे की भनक न होने की बात किसी के गले नहीं उतर रही। प्रशासन की आकस्मिक छापामारी के बाद पुलिसकर्मियों और पूर्ति विभाग के कर्मचारियों के चेहरों पर हवाइयां उड़ी नजर आईं।