शिक्षक न होने से नगर क्षेत्र का बंद पड़ा बालक पूर्व माध्यमिक विद्यालय।
- फोटो : अमर उजाला
धामपुर में नगर क्षेत्र में प्राइमरी स्कूलों में शिक्षकों का टोटा होने से दो में से एक जूनियर हाईस्कूल बंद हो गया है। शिक्षक न होने के कारण दोनों स्कूलों के बच्चों को कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विलय कर प्राइमरी स्कूल की एक शिक्षिका की अस्थायी तौर पर तैनाती कर शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पता होने के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। बीईओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि वे कई बार बीएसए को रिपोर्ट देकर शिक्षकों की मांग कर चुके हैं।
नगर क्षेत्र में दस प्राथमिक और दो जूनियर हाईस्कूल हैं। वर्तमान में सभी 12 स्कूलों को मिला कर कुल 16 शिक्षक नगर क्षेत्र के इन विद्यालयों में तैनात हैं। दस में से पांच ऐसे प्राथमिक विद्यालय हैं, जो केवल एकल शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। नगर के दो जूनियर हाईस्कूलों में वर्तमान में कोई शिक्षक नहीं है। कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षिका सायराबानो थी। वह भी रिटायर हो चुकी है। बालक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पहले से ही कोई शिक्षक न होने से विभाग ने इस विद्यालय में तो ताले लटका दिए हैं।
इस विद्यालय के बच्चों का कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विलय कर नगर के एक प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका अवनि गौड़ को स्थायी तौर पर शिक्षण कार्य के लिए तैनात कर दिया गया है। इन दोनों विद्यालयों में कुल 21 छात्र छात्राएं पंजीकृत हैं। उधर, नगर क्षेत्र के दस विद्यालयों में अब 16 में से केवल 15 शिक्षकों की ही तैनाती रह गई है। पांच विद्यालय शिक्षकों के टोटे होने के कारण एकल शिक्षक भरोसे हैं, जबकि इन विद्यालयों में करीब 170 छात्र पंजीकृत हैं। इस समस्या के संबंध में प्रयास करने के बावजूद बेसिक शिक्षा अधिकारी से बातचीत संभव नहीं हो सकी।