चांदपुर। गांव दरबाड़ा में आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश हथियार बंद बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने परिजनों से मारपीट भी की। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
सुशील कुमार विवेकानंद महाविद्यालय दरबाड़ा में लिपिक के पद पर कार्यरत है। पिता गाजियाबाद में दूसरे बेटे के पास गए हुए थे।
मंगलवार रात करीब 12 बजे नकाबपोश बदमाशों ने मकान पर धावा बोल दिया। सुशील अपने बच्चों के साथ कमरे में सो रहा था।
दादा बरामदे में सो रहे थे। बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुसे और बरामदे में सो रहे दादा अमर सिंह को हथियारोें के बल पर बंधक बना लिया और कमरे का दरवाजा खुलवाया। बदमाशों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की और दूसरे कमरे में सभी को बंद कर दिया।
बदमाशों ने सेफ और संदूक में रखे 25 हजार की नगदी निकाल ली। महिलाओं के जेवर भी खींच लिए और सेफ में रखी करीब 200 ग्राम चांदी के जेवर निकाल लिए।
उसके बाद बदमाशों ने सुशील के गाजियाबाद में रहे भाई सुधीर के बराबर के कमरे का ताला तोड़कर उसमें से दस हजार की नगदी, तीन तौले के सोने के जेवर, डेढ़ सौ ग्राम चांदी निकाल ली। बदमाश मकान के पिछले गेट से जंगल में होकर फरार हो गए।
मारपीट में सुशील, पत्नी ममता, बहन पूजा को मारपीट कर चोटिल कर दिया। बदमाशों के जाने के बाद कमरे में बंद परिवार के सदस्यों ने खिड़की तोड़कर किसी तरह बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली निरीक्षक फतेह सिंह तथा सीओ यशपाल सिंह ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली।
उधर, चांदपुर कोतवाल फतह सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट धारा 382 में दर्ज की गई है। वहीं, पुलिस सूत्रों के मुताबिक चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाश जाग होने पर फायर करके भागने पर यह धारा लगाई जाती है।
17 से 22 साल की उम्र के थे बदमाश
तीन बदमाशों के पास तमंचे, दो के पास चाकू और तीन के पास लाठी डंडे थे। बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। सभी बदमाश करीब 17 से 22 साल की उम्र के थे।