मोहल्ला काजीपाड़ा में मामले की जानकारी करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मोहल्ला काजीपाड़ा के पास स्थित कलीम कॉलोनी के एक निर्माणाधीन मकान में तरावीह पढ़े जाने को लेकर सोमवार रात माहौल गरमा गया। इस मामले में दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों समुदाय के तिनिधिमंडल को थाने में बुलाकर समझौता कराया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मोहल्ले में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
मोहल्ला काजीपाड़ा के पास ईदगाह रोड पर कलीम कॉलोनी में मंदिर के पास मकान बनाया जा रहा है। वहां मोहल्ले के ही कुछ लोग तरावीह पढ़ रहे थे। दूसरे समुदायों के लोगों ने इसे बिना परमिशन मस्जिद बनाने और तरावीह पढ़ने की नई परंपरा बताते हुए विरोध दिया।
वे सोमवार को इस संबंध में अधिकारियों से भी मिले। रात होते होते दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। एसडीएम विनीत कुमार, सीओ सिटी रामानंद कुशवाहा, शहर कोतवाल सुरेंद्र सिंह पचौरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मुस्लिम पक्ष के लोगों ने बताया कि एक परिवार केलोग अपने निर्माणाधीन मकान में तरावीह पढ़ रहे हैं। इसे रोका नहीं जा सकता है।
वहीं हिंदुओं ने इसे नई परंपरा बताया और कहा कि ऐसे माहौल की वजह से कुछ हिंदू यहां से जमीन बेचकर जा चुके हैं। इस मामले में रात में ही पुलिस ने दोनों पक्षों के सात-सात लोगों के प्रतिनिधिमंडल को समझौता वार्ता के लिए थाने में बुलाया। सुरेंद्र सिंह पचौरी के मुताबिक धर्म से जुड़ी कोई नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। मकान में मकान स्वामी और परिवार के 20 सदस्य सात जुलाई तक तरावीह पढ़ सकते हैं।