गांव प्रतापपुर में उलझते ग्राम प्रधान और शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
जलालाबाद में मिड-डे मील की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था को लेकर ग्राम प्रधान और शिक्षक आमने-सामने आ गए। घंटों माथापच्ची के बाद मिड-डे मील न बंटने पर स्कूली बच्चों को भूखे पेट घरों को लौटना पड़ा।
गांव प्रतापपुर स्थित प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार सुबह ग्राम प्रधान और शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच कहासुनी हुई। ग्राम प्रधान अमित चौहान का आरोप था कि उन्हें ग्रामीणों से शिकायतें मिल रही हैं कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को मिड-डे मील नहीं मिल पा रहा है। ग्राम प्रधान का कहना है कि वे नियमित खाद्य सामग्री स्कूल भेजते हैं। उन्होंने शिक्षकों पर समय से पहले बच्चों को घर भेज देने और मिड-डे मील फेंकवा देने अथवा घर भिजवा देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
उधर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय की मुख्य अध्यापिका नरगिस जहां, शिक्षक नवनीत आर्य, गार्गी और प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका दिव्या शर्मा, बबीता, सुशीला का आरोप था कि ग्राम प्रधान द्वारा मिड-डे मील छुट्टी से कुछ देर पहले ही उपलब्ध कराया जाता है। उसकी भी गुुणवत्ता अच्छी नहीं होती। रसोइया आपसी झगड़ों से स्कूल का माहौल बिगाड़े रखती हैं।
ग्राम प्रधान ने बृहस्पतिवार को बनी आलू-सोयाबीन की सब्जी पलटकर दिखाते हुए उसकी गुणवत्ता परखने के लिए कहने पर दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। प्रकरण से बीईओ इशकलाल को अवगत कराया गया, तो उन्होंने मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर कार्रवाई की बात कही।