बिजनौर के नहटौर में तालाब की भूमि पर अवैध धन वसूली करने के आरोप में एसडीएम धामपुर के आदेश पर प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट दर्ज होने से ग्राम प्रधान पक्ष में खलबली मची हुई है।
ग्राम पंचायत बसावनपुर के उस्मान अहमद, इकबाल अहमद, ऋषिपाल आदि ने एसडीएम को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान राजीव कुमार ने कुछ लोगों से हमसाज होकर ग्राम पंचायत में स्थित तालाब में सिंघाड़े की फसल के लिए गांव के ही दीपक कुमार को मोटी रकम लेकर बेच दिया। तालाब में फसल डालने के लिए कोई आवंटन नहीं किया। वसूल की गई रकम को ग्राम पंचायत के खाते में भी जमा नही की गई। करीब 36 हजार की रकम को हड़प लिया गया। मामले की जांच एसडीएम ने कानूनगो शिशुपाल व हल्का लेखपाल रणवीर सिंह को सौंप दी। राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट के बाद एसडीएम धामपुर ने ग्राम प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश जारी कर दिए। हल्का लेखपाल रणवीर सिंह की ओर से नहटौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।