नजीबाबाद में चुनाव आचार संहिता लगने के साथ ही प्रशासनिक मशीनरियां सक्रिय हो गई हैं। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने मेरठ के एक कारोबारी से करीब 11.5 किलोग्राम चांदी और किरतपुर के एक डॉक्टर से 2.5 लाख रुपये की नगदी बरामद की है। पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पाए। पुलिस ने नगदी को जमा करा दिया है।
बृहस्पतिवार सुबह नजीबाबाद-बिजनौर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इस दौरान करीब दस बजे एसडीएम वीके सिंह और सीओ रामानंद कुशवाहा भी पहुंच गए। थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव ने नजीबाबाद-बिजनौर मार्ग पर जमालदी तिराहे के निकट वाहन चेकिंग के दौरान न्यू परतापुर मेरठ के कारोबारी सुनील गोयल से 11 किलो, 400 ग्राम चांदी बरामद की। मेरठ का कारोबारी मेरठ से कोटद्वार जा रहा था। चेकिंग के दौरान ही किरतपुर के एक चिकित्सक डॉ.दीपक से ढाई लाख रुपये की नगदी बरामद की गई। पूछताछ में पुलिस को दोनों कुछ भी नहीं बता पाए। थाना प्रभारी ने बताया कि चांदी और नगदी कब्जे में लेकर एडीएम को रिपोर्ट भेज दी गई है। पूरे मामले की छानबीन के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं हल्दौर म्ें पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम झालू तिराहे पर चेकिंग के दौरान कार को रोका। पुलिस ने कार में रखे बैग से एक लाख 86 हजार रुपये बरामद किए। कार मालिक ने अपना नाम लुधियाना निवासी विकास गुप्ता बताया। पुलिस के अनुसार विकास गुप्ता लुधिायान से उत्तराखंड जा रहे थे। उनके पास मिले रुपये के बारे में अभी तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय गर्ग के मुताबिक गाड़ी से मिले नोटों के बारे में पता किया जा रहा है। मंडावली में भी पुलिस ने एक कार से 1.04 लाख रुपये की नगदी बरामद की। कार में सवार फरीदाबाद निवासी कृष्ण गोपाल ने पुलिस को बताया कि वे परिवार सहित हरिद्वार से चांदपुर जा रहे थे।