बवाल करने वाले व्यक्ति को पकड़कर ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर में पुलिसकर्मियों द्वारा मिट्टी से लदी बुग्गी रोकने पर जमकर बवाल हुआ। उग्र भीड़ ने दरोगा और दो सिपाहियों को घेरकर उनके साथ हाथापाई की। इस दौरान दरोगा ने हवाई फायरिंग भी की। भीड़ गुस्साकर दरोगा को बंधक बनाकर दुकान में बंद कर दिया। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर दरोगा को मुक्त कराया। पुलिस की ओर से पकड़े गए सात लोगों समेत नौ को नामजद करने हुए 250 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं एसपी ने उपद्रव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ठेरी रोड पर एक मस्जिद में निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार सुबह मस्जिद के निर्माण के लिए तीन बुग्गी मिट्टी ले जाई जा रही थी। इस दौरान वहां पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने तीनों बुग्गियों को रोक लिया और मिट्टी को अवैध खनन बताते हुए बुग्गियों को थाने ले चलने को कहा। मस्जिद जा रही मिट्टी को रोकने की सूचना पर वहां काफी भीड़ एकत्र हो गई। वहां मौजूूद लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए तथा उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज अभितेंद्र सिंह को भी लोगों ने दौड़ा लिया। भीड़ के बीच फंसे कस्बा इंचार्ज ने बचाव में अपनी सर्विस पिस्टल से पांच राउंड हवाई फायर किए। फायर होने पर भीड़ भड़क गई और दरोगा को पकड़कर एक दुकान में बंद कर दिया।
बवाल की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सर्किल के सभी थानों की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रही भीड़ पर लाठी बजाकर खदेड़ा। इसके बाद पुलिस ने दुकान के ताले तोड़कर दरोगा को दुकान से बाहर निकाला। पुलिस ने मौके से हाजी शफीक सैफी, इरफान पुत्र मोहम्मद अली, इमरान पुत्र नफीस, अजीम पुत्र शफीक, सलीम पुत्र शफीक, फरहान पुत्र शफीक निवासी पीपला जागीर नूरपुर एवं नाजिम पुत्र नईम निवासी सरायमीर नगीना को पकड़ लिया है। एसपी प्रभाकर चौधरी एवं एसपी सिटी दिनेश सिंह ने मौके का मुआयना कर उपद्रव करने वालों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस बल के साथ आसपास के क्षेत्र में दौरा भी किया।
पुलिस ने पकड़े गए सात लोगों समेत नौ को नामजद किया है और 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने तीनों बुग्गी के रेत को घटनास्थल पर ही पलटवा दिया और बुग्गियों को थाने ले गई। कई थानों की पुलिस अब भी मौके पर डेरा डाले हैं। सीओ चांदपुर अंशु जैन के मुताबिक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।