दो पक्षों में हुए विवाद हुई नौशाद की हत्या के बाद पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
किरतपुर में गांव भनेड़ा में युवक-युवती के निकाह की बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। युवक के पिता ने अपने पांच बेटों सहित युवती के रिश्ते के भाई की छुरियों से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस में सभी छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सभी आरोपी फरार हैं।
ग्राम भनेड़ा निवासी जहूर की पुत्री का रिश्ता गांव के ही मकसूद के पुत्र रिजवान के साथ दो साल पहले तय किया गया था। इस रिश्ते को दोनों परिवारों ने आपसी रजामंदी से तय किया था। जहूर अब रिजवान से उसकी पुत्री के साथ जल्दी निकाह करने के लिए कह रहा था, लेकिन रिजवान व उसके परिजन इस रिश्ते से सहमत नहीं थे। इसको लेकर दोनों पक्षों में कई बार बात हो चुकी थी।
बुधवार सुबह नौ बजे दोनों पक्ष इस मामले में बात करने के लिए जहूर के घर बैठे थे। बातचीत के दौरान मकसूद पक्ष ने निकाह करने से साफ इंकार कर दिया। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर मकसूद ने अपने पांच बेटों के साथ मिलकर जहूर पक्ष पर हमला बोल दिया। जहूर पक्ष के मो. नौशाद को छुरियों से गोद दिया। उसपर कई वार किए गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घरवाले मोहम्मद नौशाद को सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नौशाद के पिता उस्मान ने मकसूद व उसके पांच पुत्र रिजवान, जावेद, इमरान, इरफान व हिफजान के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने नौशाद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार के अनुसार दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार भी हैं। मरने वाला युवती का रिश्ते का भाई था। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।