मंडावली में थाने से चंद कदम के फासले पर ही चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक में सेंधमारी की। चोरों ने एसबीआई की एटीएम को क्षतिग्रस्त कर दिया। संयोग से चोर कैश तक नहीं पहुंच सके और बड़ी घटना होने से मच गई।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर मंडावली थाने से करीब 100 मीटर के फासले पर एसबीआई शाखा स्थित है। बृहस्पतिवार सुबह शाखा प्रबंधक राजपाल चौहान एवं कैशियर पवन कुमार बैंक पहुंचे, तो उन्हें बैंक पर लगे एटीएम बूथ का शटर आधा खुला हुआ और ताले टूटे मिले। शटर के भीतर एटीएम मशीन क्षतिग्रस्त देखकर बैंक अधिकारियों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही मंडावली थाने से एसआई साहब सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शाखा प्रबंधक ने एटीएम में रखा कैश चेक किया, तो कैश सुरक्षित मिला। जिससे बैंक अधिकारियों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
शाखा प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि एटीएम में करीब दस लाख रुपये का कैश था।
सीसीटीवी कैमरों के संबंध में उन्होंने बताया कि बैंक में लाइट फिटिंग कार्य के चलते बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा बंद पड़ा है, जबकि एटीएम बूथ में लगा कैमरा संचालित है। इंजीनियर को सूचना दी गई है। शुक्रवार (आज) इंजीनियर बैंक पहुंचकर फुटेज निकालेंगे। शाखा प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि रात्रि में बैंक पर कोई गार्ड उपलब्ध न होने के कारण बैंक के साथ-साथ एटीएम बूथ को भी बंद कर दिया जाता है। प्रबंधक राजपाल चौहान की ओर से पुलिस को घटना की तहरीर सौंपी गई।