बिजनौर के नहटौर में पंचकुला हरियाणा की पुलिस ने सराफा बाजार में छापा मारकर एक सराफा व्यापारी को चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़ा है। पुलिस व्यापारी को अपने साथ हरियाणा ले गई है।
कुछ दिन पूर्व भी चंडीगढ़ पुलिस ने सराफा की दुकान पर छापा मारा था। इस कार्रवाई से सराफा बाजार में हड़कंप मच गया। बाहरी प्रदेशों की पुलिस चोरी का माल खरीदने के आरोप में पहले भी कई लोगों को पकड़ चुकी है। पंचकुला के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ नहटौर पुलिस के सहयोग से मोहल्ला पंचायती मंदिर निवासी सुनील चौधरी उर्फ लाला की दुकान पर छापा मारा।
हरियाणा पुलिस एक चोर को अपने साथ लाई थी। उसकी निशानदेही पर सुनील चौधरी उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक चोरी का माल खरीदने के आरोप में व्यापारी को पकड़ा गया है। हरियाणा के पंचकुला और अन्य शहरों से चुराया गया माल खरीदा गया है। बताया जाता है कि 12 दिन पूर्व भी इस व्यापारी के यहां चंडीगढ़ पुलिस ने छापा मारा था। लेकिन चंडीगढ़ पुलिस सराफा व्यापारी को सेटिंग करके छोड़ गई थी।
इससे तीन माह पूर्व भी यमुनानगर पुलिस ने सराफा व्यापारी मुकेश गुप्ता को चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़ा था और व्यापारी को जेल जाना पड़ा था। कुछ दिन पूर्व ही वह जमानत पर छूटकर आया है। बिजनौर एसओजी भी कई लोगों को पकड़कर जेल भेज चुकी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अता मोहम्मद ने कहा कि व्यापारी को टीम साथ ले गई है।