बिजनौर में बाइक सवार तीन दोस्तों पर कार चढ़ाने और लाठी-डंडों से पीटने के मामले में छात्र गुलशन के बाद उसके साथी मुकुल ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरा दोस्त अभी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। उधर, गांव वालों ने थाने पहुंच कर हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार की देर शाम गांव भरैरा का रहने वाला इंटरमीडिएट का छात्र गुलशन अपने दो दोस्तों अनिकेत और मुकुल के संग बिजनौर एक शादी में शामिल होने आया था। मंडप में डांस को लेकर कुछ युवकों से तीनों दोस्तों का विवाद हुआ था। उस वक्त तो समझा-बुझाकर मामला शांत कर दिया गया था। इसके बाद गुलशन अपने दोनों दोस्तों के संग बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकला था।