बिजनौर में दो माह पहले मंडावर के गांव शहजादपुर में अधेड़ महिला का मर्डर दुष्कर्म का विरोध करने पर किया गया था। पुलिस ने हत्यारोपी को दबोचकर केस का खुलासा कर दिया है। शराब के नशे में हत्यारोपी ने घटना को अंजाम दिया था।
एसपी सुभाष सिंह बघेल के मुताबिक नौ अक्टूबर को मंडावर थाने के गांव शहजादपुर में योगेंद्र पाल की 54 साल की पत्नी की हत्या करके उसका शव खेत में छिपा दिया था। योगेंद्र पाल सिंह ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसओ मंडावर सुरेंद्र पचौरी पुलिस की टीम के साथ मर्डर के खुलासे में लगे थे। पुलिस ने रावली ब्रह्मपुरी के सामने मालन नदी रपटा पुल के पास से गांव शहजादपुर निवासी सुभाष को दबोच कर पूछताछ की तो उसने महिला के मर्डर का सारा राज उगल डाला।
सुभाष ने पुलिस को बताया कि नौ अक्टूबर को जिला पंचायत का चुनाव था। उसने ज्यादा शराब पी रखी थी। रोजाना शराब पीने का वह आदी है।
शराब की दुकान चुनाव के कारण बंद होने के कारण वह चुनाव वालों से शराब लेने का भटकता घूम रह था। जंगल के रास्ते से गुजरने पर उसे महिला खेत में काम करती मिली। उसने महिला को बुरी नीयत से दबोच लिया और दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया। उसने पेंट की बेल्ट से महिला का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपा दिया। सुभाष बैराज के श्मशान घाट पर अज्ञात शवों को दाह संस्कार करने का काम करता था। मर्डर करने के बाद सुभाष गांव से फरार हो गया और 20 दिन बाद लौटा।
सुभाष के कुछ साथियों को शक था कि उसने ही महिला का मर्डर किया है। पूछताछ में सुभाष का नाम सामने आया था। उसी समय से पुलिस उसकी तलाश में थी। पुलिस ने खुलासा करने वाली टीम को इनाम देने की घोषणा की है।
ऐसे हुआ खुलासा
एसओ मंडावर सुरेंद्र कुमार पचौरी के मुताबिक गांव लौटा सुभाष शराब के नशे में मोबाइल से किसी को धमकी दे रहा था कि महिला की जिस तरह उसने हत्या की है ऐसा ही उसके साथ भी कर देगा। महिला के मर्डर का भी उस पर शक नहीं गया है। यह बात किसी ग्रामीण ने सुन ली ओर पुलिस को बता दी। पुलिस सुभाष की तलाश में जुट गई और सुभाष को दबोच कर केस का राज उगलवा लिया।