मंडावर। ग्राम पंचायत चुनाव में मिलावटी शराब बांटी जा रही है। मंडावर थाना पुलिस ने दो ऐसे शराब माफियाओं को गिरफ्तार किया है जो एथाइल एल्कोहल और कई तरह के केमिकल से शराब बना कर चुनाव में बांट रहे थे।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर भारी मात्रा में बनाई गई मिलावटी शराब गांव मोहम्मदपुर देवमल से बरामद की है। दोनों को जेल भेजने के साथ पकड़ी गई शराब के सेंपल भी लिए गए हैं।
एसओ सुरेंद्र पचौरी के मुताबिक बुधवार को गश्त के दौरान गांव मोहम्मदपुर देवमल की पुलिया के पास बाइक सवार दो युवकों को दबोचा गया। दोनों के पास से देशी शराब के पव्वों से भरी दो पेटी बरामद हुई। दोनों ने अपने नाम मोहम्मदपुर देवमल निवासी सुरेंद्र और काजीवाला निवासी अंकुर बताए।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह शराब प्रधानी पद के एक प्रत्याशी को देने जा रहे थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गांव मोहम्मदपुर देवमल में सुरेंद्र के घेर पर छापा मारा, जहां शराब के कुल 394 भरे और 300 खाली पव्वे बरामद किए।
इसके अलावा शराब बनाने में प्रयोग होने वाला पांच लीटर एथाइल एल्कोहल और अन्य केमिकल भी बरामद किया। सुरेंद्र ने बताया कि एथाइल में पानी और केमिकल मिलाकर शराब बनाते हैं। इसे देशी शराब के जैसा हल्का लाल रंग देने के लिए भी केमिकल घोलते हैं।
थाना किरतपुर के गांव कुतुबपुर निवासी संजीव से एथाईल एल्कोहल खरीदते हैं। एसओ सुरेंद्र पचोरी ने बताया कि दोनों से पूछताछ करके चालान कर जेल भेज दिया गया हैं। शराब के सेंपल भी लिए गए है, जिन्हें जांच के लिए लैब भिजवाया जाएगा।
ठेकों से एकत्र करते हैं खाली पव्वे
मंडावर। सुरेंद्र और अंकुर देशी शराब की कंपनी के खाली पव्वे शराब के ठेकों से एकत्र करते हैं। कहीं-कहीं रुपये देकर भी खाली पव्वे लेते हैं। दोनों इससे पहले शराब के ठेकों पर ही सेल्समैन थे। यह शराब जिला और क्षेत्र पंचायत चुनाव में भी शराब सप्लाई कर चुके हैं।
दो और तस्कर पकड़े
मंडावर। गांव मोहम्मदपुर देवमल के ही सुधीर और परवेंद्र को भी बुधवार रात उत्तराखंड राज्य की शराब की 21 बोतलों के साथ गिरफ्तार किया। जेल भेज दिया।