बिजनौर में शुगर मिल रोड पर बुधवार रात पेट्रोल पंप के पास पांच युवकों ने दुकान बंद कर बेटे के साथ बाइक पर जा रहे एक व्यापारी पर रॉड से हमला करके उन्हें लूटने का प्रयास किया।
बदमाशों के हमला करते हुए दोनों किसी तरह उनसे बचकर निकल गए। लेकिन दहशत में कोतवाली के पास व्यापारी बेसुध होकर गिर गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
बिजनौर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी सुरेंद्र सिंह की शुगर मिल के पास चंदन प्लाजा में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। बृहस्पतिवार रात सुरेंद्र सिंह दुकान बंद करके अपने पुत्र गगनदीप के साथ बाइक से घर जा रहे थे।
रास्ते में पेट्रोल पंप के पास पांच बदमाशों ने सुरेंद्र सिंह पर रॉड से हमला कर दिया। बदमाशों से बचकर वह निकल तो गए। लेकिन शहर कोतवाली के पास व्यापारी बेसुध होकर गिर गया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई । पुलिस मौके पर पहुंची।
सुरेंद्र सिंह को एक निजी नर्सिंग होम में दाखिल कराया गया। इलाके के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि शुगर मिल रोड पर पेट्रोल पंप की आड़ में छिपे बदमाश व्यापारियों पर हमला करते हैं। यहां शराब का अड्डा बना रखा है। उन्होंने ट्रकों को हटवाने की मांग की।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने पैट्रोल पंप के पास खडे़ ट्रकों को हटवा दिया और भविष्य में ट्रकों को वहां खड़ा नहीं करने की चेतावनी दी। ट्रक चालकों में इसे लेकर बेचैनी रही। शहर कोतवाली के एसएसआई सुरेंद्र पचौरी के मुताबिक ट्रकों को अब यहां खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। वहां शराब पीने वालों को भी कड़ा सबक सिखाया जाएगा।