पुलिस की गिरफ्त में अरुण के हत्यारोपी हिमांशु और दीपक।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में दस दिन पहले गांव जमालपुर पठानी के अरुण का मर्डर उसके दो साथियों ने एक साथी की पत्नी पर बुरी नजर रखने के कारण किया था। पुलिस ने दो साथियों को दबोचकर मर्डर का खुलासा कर दिया है। दोनों का चालान कर दिया गया र्है।
शहर कोतवाल ऋषिराम कठेरिया के मुताबिक क्षेत्र के गांव जमालपठानी निवासी मामराज के 25 साल के पुत्र अरुण का शव 29 सितंबर को गांव कंभौर के जंगल में मिला था। उसके गर्दन के पास धारदार हथियार का निशान भी था। मामराज सिंह ने इस घटना में अपने गांव के ही देवेंद्र व उसके पुत्र रचित व गांव हमीदपुर निवासी हिमांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस केस के खुलासे में जुट गई।
शहर कोतवाल ने बताया कि पकड़े जाने पर हिमांशु व दीपक ने पुलिस को बताया कि अरुण दीपक की पत्नी पर बुरी नजर रखता था। दीपक ने हिमांशु के साथ मिलकर अरुण की हत्या की साजिश रची। 26 सितंबर को दोनों बाइक से अरुण के साथ बिजनौर आए। अरुण को दोनों कंभौर गांव के जंगल में ले गए। जंगल में शराब पी। बेहोश होने पर अरुण की पाठल से हमला करके हत्या कर दी। पुलिस ने हिमांशु व दीपक का चालान कर दिया है।